बलौदाबाजार। वनमंडल के अर्जुनी परिक्षेत्र के ग्राम थरगांव के मुहाने पर हाथी के हमले से एक युवा किसान की मौत हो गयी। एक अन्य गम्भीर रूप से घायल हो गया है। घायल को प्रथम उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रायपुर रेफर किया गया है। हाथी के हमले से मृत किसान की पहचान कुसगढ़ निवासी गोवर्धन के रूप में की गई है। घायल थरगांव निवासी धुराऊ साहू बताया गया है। बहरहाल वन अमला मौके पर पहुंचकर कार्यवाही में जुट गया है। आसपास के गांवों में हाई अलर्ट घोषित किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र अर्जुनी अंतर्गत थरगांव सर्किल में एक बार फिर दंतैल हाथी उपद्रव मचा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार थरगांव के समीप अपने खेतों में किसान कीटनाशक दवा छिड़काव कर रहे थे। इसी समय हाथी के हमले से दो किसान हाथी की चपेट में आ गए। दवाई छिड़काव करने में व्यस्त किसानों को पता ही नही चला कि कब हाथी उनके करीब तक पहुच गया।
यह भी पढ़े:- 15 अगस्त को कांग्रेस की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक…
आक्रामक हाथी को अपने बिल्कुल करीब देख दोनों किसान सरपट भागे। एक किसान घुराऊ जैसे तैसे हाथी की पटखनी से बच कर भाग निकला। जिससे वह बुरी तरह घायल हो चुका था। समीप के कुशगढ़ निवासी गोवर्धन को हाथी ने सूंड से पकड़ कर पटक दिया। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी।
हाथी विचरण करते हुए आज सुबह अर्जुनी वन परिक्षेत्र पहुच गया था । सुबह 7:30 बजे जोक नदी पार करके फिर थरगांव के पास आ गया। इस बीच अपने खेत मे कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहे दो किसानों से हाथी का सामना हो गया। हाथी ने सामने आये दोनों किसानों अचानक हमला कर दिया। जिसमें दोनों में से एक ने हाथी के हमले से अपने प्राण गंवा दिए वहीं एक किसान को गंभीर हालत में रायपुर भेजा गया है ।