Saturday, August 2, 2025
Homeछत्तीसगढ़दिल्ली दौरे से लौटे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रिमंडल विस्तार पर दिया बड़ा...

दिल्ली दौरे से लौटे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रिमंडल विस्तार पर दिया बड़ा संकेत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तीन दिवसीय दिल्ली दौरे के बाद शनिवार सुबह रायपुर लौट आए। 30 जुलाई से 1 अगस्त तक चले इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की। इस दौरान राज्य के विकास, नक्सल उन्मूलन, ‘विजन अंजोर @2047’ और आगामी छह महीने तक चलने वाले रजत जयंती वर्ष के आयोजनों पर चर्चा हुई।

दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ सदन में प्रदेश के सांसदों के साथ भोज का आयोजन किया। साथ ही, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के निवास पर भी भोज में शामिल हुए। उन्होंने संसद भवन का दौरा कर अपने पुराने साथियों से मुलाकात भी की।

एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और भाजपा आलाकमान से राज्य के समग्र विकास और सहयोग को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई और उसमें मिली सफलता पर भी केंद्र ने सराहना की है।

मुख्यमंत्री ने बस्तर ओलंपिक को ‘खेलो इंडिया ट्राइब गेम्स’ के रूप में विकसित करने की योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इससे बस्तर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बस्तर में नक्सलवाद के उन्मूलन के लिए लगातार प्रयासरत है।

मंत्रिमंडल विस्तार जल्द संभव: सीएम साय

मुख्यमंत्री साय ने लंबे समय से चर्चा में रहे मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बड़ा संकेत देते हुए कहा, “इंतजार करिए, जल्द होगा मंत्रिमंडल का विस्तार।” माना जा रहा है कि दिल्ली दौरे के दौरान इस मुद्दे पर भी भाजपा नेतृत्व से गंभीर मंथन हुआ है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 13 दिसंबर 2023 को पदभार संभाला था। उनके साथ 12 मंत्रियों की शपथ हुई थी, लेकिन बृजमोहन अग्रवाल के सांसद चुने जाने और इस्तीफे के बाद से दो मंत्री पद रिक्त हैं। कई दौर की चर्चाओं और अटकलों के बावजूद अब तक मंत्रिमंडल विस्तार नहीं हो पाया है। अब उम्मीद की जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में जल्द ही नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण हो सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments