रायपुर/जगदलपुर। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में बस्तर सांसद महेश कश्यप के नेतृत्व में बस्तर दशहरा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री साय को विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा में शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया। इस अवसर पर बस्तर दशहरा समिति के प्रतिनिधिमंडल द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पारंपरिक पागा पहनाकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने बस्तर दशहरा के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बस्तर दशहरा हमारी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, आस्था और सामूहिक सहभागिता की अमूल्य विरासत है। 75 दिनों तक चलने वाला यह ऐतिहासिक पर्व माँ दंतेश्वरी की आराधना और बस्तर की जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं का अनूठा संगम है।
उन्होंने कहा कि बस्तर दशहरा बस्तर की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और सदियों पुरानी परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। यह पर्व देश दुनिया के सामने बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करता है।
उल्लेखनीय है कि विगत वर्ष बस्तर दशहरा के महत्वपूर्ण रस्म ‘मुरिया दरबार’ में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का आगमन हुआ था। वहीं इस वर्ष देश की प्रथम नागरिक एवं महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मुरिया दरबार में शामिल होने की संभावना है। राष्ट्रपति महोदया को मुरिया दरबार में शामिल होने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू,प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल तथा बस्तर लोकसभा सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप द्वारा नई दिल्ली में आमंत्रित किया गया है।
बस्तर दशहरा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री साय को बस्तर दशहरा की आगामी रस्मों,आयोजन की तैयारियों एवं परंपरागत कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री ने बस्तर की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए शुभकामनाएं देते हुए आयोजन की सफलता की कामना की।

