रायपुर। राजधानी रायपुर के लाभांडी स्थित BSUP कॉलोनी में देर रात एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर तेलीबांधा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान लाभांडी निवासी पुणेश यादव के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों ने कॉलोनी परिसर में युवक का शव पड़ा देखा था। उसके शरीर पर खून लगा हुआ था, जिसके बाद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। शुरुआती तौर पर घटना को लेकर हत्या की आशंका भी जताई गई, लेकिन पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक की मौत छत से गिरने के कारण होने की बात सामने आई है।
शरीर के दाहिने हिस्से में मिले चोट के निशान
पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर के दाहिने हिस्से में चोट के निशान पाए गए हैं। हालांकि युवक छत से किन परिस्थितियों में गिरा और हादसे के पीछे क्या वजह थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह और चोटों की प्रकृति को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया दुर्घटनावश हुई मौत मानकर जांच कर रही है। घटनास्थल की परिस्थितियों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

