अजय श्रीवास्तव /रायपुर। सुरक्षा व्यवस्था में लगे अधिकतर पुलिस कमचारियों में लगातार यह बात सामने आती है कि वे किसी न किसी बात को लेकर परेशान रहते हैं, परेशानी के कारण अधिकारियों की प्रंतारणा, पारिवारिक जीवन में परेशानी, स्वयं के स्वास्थ्य या फिर परिवार के किसी और कारण से पीड़ित रहते हैं। लेकिन कुछेक सुरक्षा बलों के कमचारियों एवं अधिकारियों में इस परेशानी को न सहन कर पाने के कारण घातक कदम उठाए जाते हैं। ड्यूटी के दौरान वे अपनी ही शासकीय आग्नेयास्त्रों से मौत को गले लगा लेते हैं।
ऐसा ही एक मामला राजधानी रायपुर में प्रदेश के मंत्री दयालदास बघेल के बंगले पर रात लगभग दो बजे के बाद सामने आया है जहां एक सुरक्षा बल के तैनात जवान ने स्वयं को सर्विस रायफल से खुद को गोली मारी ली। इस दुखद घटना में जवान की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस जानकारी अनुसार शहर के गंज थाना क्षेत्र में रात्रि 2:10 बजे आरक्षक क्र 135 रोहित सलामे ई कंपनी प्रथम वाहिनी ने स्टेशन रोड स्थित मंत्री दयालदास बघेल के बंगले में गार्ड रूम के अंदर अपनी ही सर्विस रायफल एक्स केलिबर को ठुड्डी पर रखकर गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। गोली चलने की आवाज से बंगलें में तैनात जवानों में हड़कंप मच गया। घटनास्थल के मंजर को देख कर उन्होंने मंत्री एवं पुलिस थाना गंज को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। कंपनी कमांडर नेहरू राम साहू, डीएसपी लाइन निलेश द्विवेदी, आरआई वैभव मिश्रा तथा गंज थाना प्रभारी आशीष यादव घटना स्थल पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शव का पंचनामा भरकर शव को अस्पताल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें :- विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने वाला बजट : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
जानकारी अनुसार मृतक आरक्षक 02:00 बजे ड्यूटी समाप्त कर अपने गार्ड रुम में आया था उसके बाद ही उसने अपने हाथों से स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। यह भी बताया गया है कि मृतक एक सप्ताह पहले पच्चीस दिवस ईएल अवकाश से वापिस आया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही हैं।