सत्यप्रकाश दुबे /रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बता दिया है कि कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा की शुभ घड़ी आ गई है। कल 15 अक्टूबर को पहली सूची जारी हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह पर जमकर निशाना साधा है। उनका कहना है कि चुनाव भाजपा नहीं, रमन सिंह और उनकी टीम लड़ रही है। भूपेश बघेल का कहना है कि टिकट वितरण में रमन सिंह की ही चल रही है।
रमन सिंह के नामांकन पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के राजनांदगांव दौरे की खबर पर सीएम भूपेश बघेल का कहना है कि पिछली बार योगी आदित्यनाथ आए थे। अब अमित शाह आएंगे कि नहीं, अभी कहा नहीं जा सकता। राजनांदगांव में मजबूत प्रत्याशी उतारने के बाबत बघेल का कहना है कि जब लिस्ट जारी होती है तब पार्टी अपनी रणनीति का खुलासा करती है।
टिकिट वितरण को लेकर
उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होगी तो पता चलेगा कि रमन सिंह के सामने कौन होगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस की सूची जारी होने की जानकारी देते हुए कहा है कि कल से नवरात्र की शुरुआत हो रही है और कल ही कांग्रेस की पहली सूची आएगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस की पहली सरकार के मुख्यमंत्री अजीत जोगी और मौजूदा मुख्यमंत्री की तुलना की थी, इस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कहना है कि रविशंकर प्रसाद वकील हैं, वो तर्क वितर्क करते रहते हैं। जिस जोगी के भरोसे भाजपा 3 बार सत्ता में आई, उससे हम तुलना नहीं कर सकते। जोगी को जैसे ही बाहर किया, कांग्रेस सत्ता में आई।
झीरम कांड पर बोले
झीरम कांड को लेकर फिर सियासत होने के मद्देनजर भूपेश बघेल का भाजपा से सवाल है कि यह कोर्ट क्यों जाते हैं, रोकते क्यों हैं, हम जांच करना चाहते हैं, वह जांच क्यों नहीं कर रहे हैं। गणपति और रमन्ना का नाम एफआईआर में दर्ज है, उसे एनआईए ने हटाया कैसे, उससे पूछताछ क्यों नहीं की? भूपेश बघेल भाजपा से पूछ रहे हैं कि क्या उन्होंने सरेंडर किया? उनके परिवार वालों को केंद्र सरकार ने क्या लाभ दिया है? दिया भी है कि नहीं, यह बताएं? उनका कहना है कि भाजपा की नक्सलियों के साथ साठगांठ है, यह उजागर होता है। भूपेश बघेल कह रहे हैं कि त्योहारी सीजन में ट्रेनों के रद्द होने का सिलसिला जारी है।
ट्रेन रद्द को लेकर
ट्रेन रद्द हो रही हैं,ये दुर्भाग्यजनक है। 4 सौ ट्रेन रद्द हो चुकी हैं। यात्री बहुत परेशान हैं। पहले ट्रेनों की जानकारी दी जाती थी। बार-बार कहने के बावजूद कोई व्यवस्था नहीं की है। भाजपा के 9 सांसद हैं। वो भी कुछ नही कर रहे। आम जनता की जेब पर बोझ पड़ रहा है। छोटे दलों के नेताओं को सुरक्षा देने पर भूपेश बघेल कह रहे हैं कि क्रोनोलॉजी समझना पड़ेगी। एक ओर अमित जोगी केस लगाते हैं दूसरी ओर उन्हें सुरक्षा दी जाती है। बसपा और गोंडवाना के गठबंधन पर भूपेश बघेल का कहना है कि बसपा भाजपा की गोद में बैठी है।
आम आदमी पार्टी लगी है कि कैसे कांग्रेस को नुकसान पहुंचाया जाए। सभी कोशिशें हो रही हैं। छत्तीसगढ़ की जनता समझदार है। रविशंकर प्रसाद ने महादेव एप पर भूपेश बघेल को घेरा तो इसके जवाब में वे कह रहे हैं कि भाजपा केंद्र में बैठी है और महादेव एप पर प्रतिबंध लगा सकती है। पर न गिरफ्तारी हो रही न ये ऐप बंद हो रहा। पूरे देश को, नई पीढ़ी को जुआ में झोंक देना चाहते हैं। देश को बर्बाद करने का भाजपा का षड्यंत्र चल रहा है।