Wednesday, September 3, 2025
Homeराजनीतिकांग्रेस पार्टी के 139वें स्थापना दिवस पर अध्यक्ष खड़गे ने पार्टी मुख्यालय...

कांग्रेस पार्टी के 139वें स्थापना दिवस पर अध्यक्ष खड़गे ने पार्टी मुख्यालय में फहराया झंडा

नई दिल्ली। कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को 139वें स्थापना दिवस पर पार्टी मुख्यालय में पार्टी का झंडा फहराकर कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का उद्देश्य लोक कल्याण है। स्थापना दिवस समारोह में कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, सांसद राजीव शुक्ला, महासचिव के.सी. वेणुगोपाल सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

खड़गे ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं को दी बधाई

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने लिखा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का उद्देश्य लोक कल्याण है और भारत के लोगों की प्रगति है। हम संसदीय लोकतंत्र पर आधारित भारत में विश्वास करते हैं जिसमें बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए समानता, अवसर और राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकार निहित हैं।

उन्होंने कहा, हमें गर्व है कि पिछले 139 वर्षों से हम इसतरह के भारत के निर्माण के लिए पूरी ईमानदारी से संघर्ष कर रहे हैं। कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर प्रत्येक भारतीय को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। जय हिंद, जय कांग्रेस।

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा, स्थापना दिवस पर हमारा कर्तव्य है कि हम बड़ी संख्या में इकट्ठा हों और देश भर में यह संदेश दें कि कांग्रेस पार्टी कभी भी अपनी विचारधारा से दूर नहीं जाएगी और अपने विचार के साथ आगे बढ़ेगी। हम नागपुर से संदेश देना चाहते हैं कि 2024 लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर हम काम कर रहे हैं। एक खुशहाल और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए आगे आएं, अपना कर्तव्य निभाएं। हाथ से हाथ जोड़कर कांग्रेस को मजबूत करें। कांग्रेस जितनी सशक्त होगी अधिकारों की लड़ाई पार्टी उतनी ही बुलंदी के साथ लड़ेगी।

पार्टी सदस्यों को शुभकामनाएं देकर राहुल गांधी ने लिखा, सत्य और अहिंसा जिसकी बुनियाद है। मोहब्बत, भाईचारा, सम्मान और समानता जिसके स्तंभ हैं और देशप्रेम जिसकी छत है। मुझे फक्र है कि मैं उस संगठन का हिस्सा हूं। कांग्रेस स्थापना दिवस की सभी नेतागणों, पदाधिकारियों, समर्थकों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।

यह भी पढ़ें :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले को दी 110.99 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात

श्रीमती वाड्रा ने कहा स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान महात्मा गांधी जी ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की गतिविधियों को संचालित करने के लिए तिलक स्वराज फंड की शुरुआत की थी। इसका मकसद असहयोग आंदोलन के लिए पैसे जुटाना था ताकि स्वराज की स्थापना हो सके। आज लगभग सौ साल बाद कांग्रेस ने ‘देश के लिए दान’ अभियान शुरू किया है ताकि लोकतंत्र को बचाया जा सके, चंद अरबपतियों के लिए काम करने वाली तानाशाह सरकार के खिलाफ एक मजबूत विपक्ष खड़ा किया जा सके और संविधान को बचाया जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments