Thursday, March 20, 2025
HomeBlogकिसानों की बात करने को मजबूर हुई है भाजपा- कांग्रेस

किसानों की बात करने को मजबूर हुई है भाजपा- कांग्रेस

अजय श्रीवास्तव/रायपुर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज राजधानी रायपुर में मोदी की गारंटी के नाम से जो चुनावी घोषणा पत्र जारी किया वह घोषणा पत्र नहीं होकर कपट पत्र है। भाजपा के पुराने रिकार्ड बताते हैं कि उसके लिये घोषणा पत्र महज चुनावी सब्जबाग है। इसके विपरीत कांग्रेस ने 2018 के चुनाव में जो 36 वायदे किये थे उनमें से 34 पूरे हो चुके हैं। भाजपा के लिये घोषणा पत्र जनता को ठगने का दस्तावेज है।

राजीव भवन में आज पत्रकार वार्ता में सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा के इस घोषणा पत्र में कांग्रेस की नकल करने की कोशिश साफ नजर आती है। यह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपलब्धि है कि उनके व्दारा दिए जा रहे धान पर बोनस का विरोध करने वाले भाजपाई अब धान की कीमत 3100 रुपये करने की बात कर रहे हैं। जो लोग 2100 रुपये समर्थन मूल्य बोलकर नहीं दिये, 300 रुपये बोनस नहीं दिये, 15 क्विंटल धान खरीदने को तैयार नहीं थे वे अब 21 क्विंटल खरीदने की बात कर रहे हैं। भाजपा घोषणा तो कर रही है लेकिन जनता भरोसा नहीं करेगी। वैसे भी मोदी की गारंटी भरोसे के लायक नहीं रहती। मोदी जी 15 लाख देने का वायदा भूल गये। 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वायदा भूल गये। 100 दिन में महंगाई कम करने का वायदा भूल गये। किसानों की आय दुगुनी करने के वायदे तो आज तक पूरे नहीं हुए। जो छत्तीसगढ़ की सरकार पिछले 5 साल से कर रही है, भाजपा उसको अब करना चाह रही है। वह हमारी पिच पर खेलने को मजबूर हो गई है।

शुक्ला ने कहा कि भाजपा वोट लेने के लिये फिर किसानों को ठगना चाहती है। धान की कीमत 3100 रू. करने का वादा किए हैं तो बताएं क्या केन्द्र सरकार धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 3000 रू. करेगी। इसलिए कि मोदी जी तो धान की कीमत के मामले में समर्थन मूल्य से 1 रू. भी ज्यादा देने के विरोधी हैं। मोदी जी ने कांग्रेस सरकार की धान पर 2500 रूपये समर्थन मूल्य देने की पहल का विरोध किया था और धमकी दी थी। ऐसे में भाजपा दिल्ली में बैठी अपनी ही मोदी सरकार के विरोध में जाकर 3000 रू. कैसे देगी यह स्पष्ट करे। भाजपा ने 2100+300 = 2400 रुपये किसानों को देने का वायदा 2013 में भी किया था जो कि नहीं दिया। दूसरा बड़ा झूठ 21 क्विंटल धान खरीदने का वायदा है। पहले 2013 में भी यही वायदा किया था लेकिन लिमिट घटाकर 15 से 10 क्विंटल कर दिया था। कैसे भरोसा करें कि भाजपा आपने वायदे पर कायम रहेगी। किसानों की कर्ज माफी पर ये कुछ नहीं बोल पा रहे हैं।

शुक्ला ने कहा कि भाजपा व्दारा 500 रुपये में सिलेंडर देने की बात भी धोखा है। इनकी केन्द्र सरकार सिलेंडर के दाम 400 से बढ़ाकर 1000 के ऊपर तक कर चुकी है। भाजपा सिर्फ बीपलएल को गैस सिलेंडर दने की बात कर रही है, जबकि कांग्रेस हर वर्ग को 500 रू. सब्सिडी दे रही है। मतलब सिर्फ 450 में सिलेंडर मिलेगा। कांग्रेस ने 17.5 लाख आवास देने का वायदा किया तो भाजपा नकल करके 18 लाख देने की बात कर रही है। छत्तीसगढ़ में जब 15 साल भाजपा की सरकार थी, सरकारी नौकरी के द्वार बंद कर दिए गए थे। अब नौकरी देने का झूठा वायदा कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 10 लाख तक के ईलाज का वायदा किया है, भाजपा उसकी भी नकल कर रही है। राज्य में भूपेश सरकार 20 क्विंटल धान की खरीदी शुरू कर चुकी है। उसकी नकल में 21 क्विंटल खरीदने की बात भाजपा कर रही है।

शुक्ला ने कहा कि भाजपा ने तीन बार के चुनाव में (2003-08-13) के घोषणा पत्र के फ्रंट पेज में छपे 31 में से 25 वायदों को पूरा नहीं किया था। भाजपा के लिये घोषणा पत्र जनता को ठगने का दस्तावेज है। भाजपा हर चुनाव के पहले घोषणा पत्र बनाती है जिसको संकल्प पत्र नाम देती है लेकिन कभी घोषणा पत्र के वायदों को पूरा नहीं करती। कांग्रेस और भाजपा में यही अंतर है। हमारे लिये घोषणा पत्र वायदा निभाने का पवित्र दस्तावेज होता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

× How can I help you?