Monday, September 28, 2026
Homeछत्तीसगढ़सुकमा में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

सुकमा में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

राहत शिविरों का लिया जायजा, क्षतिपूर्ति के साथ अतिरिक्त 10-10 हजार रुपए के आर्थिक सहायता का दिया आश्वासन

रायपुर/सुकमा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को एकदिवसीय प्रवास पर बाढ़ प्रभावित सुकमा जिले पहुंचे। विगत 23 और 24 सितंबर को हुई भारी बारिश से प्रभावित वार्ड शबरीनगर, श्रीनगर और लाइनपारा का दौरा कर उन्होंने पीड़ितों से सीधा संवाद साधा। मुख्यमंत्री ने संकट की इस घड़ी में हर संभव मदद का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पूरी सरकार और प्रशासन पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ा है।

बाढ़ आपदा से जिला मुख्यालय सुकमा के वार्ड क्रमांक 12 और 13 समेत जिले के 22 ग्राम पंचायतों के 4,500 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। जिले मे कोंटा और सुकमा विकासखंड में राहत लगभग 19 राहत शिविर बनाए गए थे जिसमें लगभग 2000 से अधिक लोगों के लिए भोजन व्यवस्था की गई थी। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर राहत व बचाव अभियान संचालित किया जा रहा है। पीड़ितों को तात्कालिक आर्थिक सहायता के साथ सूखा राशन और गर्म कपड़े वितरित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य सुरक्षा के मद्देनजर मेडिकल कैंपों में नियमित जांच जारी है और जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए पेयजल स्रोतों का क्लोरीनेशन व नालियों में ब्लीचिंग का छिड़काव कराया जा रहा है।

शबरीनगर में बने राहत और स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने वहां लगाए गए स्टालों का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री का मानवीय और आत्मीय रूप भी नजर आया, जब उन्होंने स्वयं राहत शिविर में रह रहे हितग्राहियों को भोजन परोसा। मुख्यमंत्री के इस अपनेपन से प्रभावित परिवारों को संबल मिला।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री बाढ़ पीड़ितों के घर भी पहुंचे और उनका हालचाल जाना। प्रभावितों की समस्याएं सुनने के बाद उन्होंने मौके पर ही तात्कालिक सहायता प्रदान की। साथ ही कलेक्टर अमित कुमार को सभी नुकसान का त्वरित आकलन करने के कड़े निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने विशेष राहत के तौर पर घोषणा की कि सभी प्रकरणों में निर्धारित क्षतिपूर्ति राशि के अलावा अतिरिक्त सहायता राशि देने के निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments