Saturday, June 14, 2025
Homeराजनीतिमध्यप्रदेश कांग्रेस की दूसरी सूची जारी, 11 के टिकट कांटे, 88 नामों...

मध्यप्रदेश कांग्रेस की दूसरी सूची जारी, 11 के टिकट कांटे, 88 नामों का किया ऐलान

भोपाल । मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपनी दूसरी सूची का एलान कर दिया है। कांग्रेस की इस सूची में 88 नाम घोषित किए गए हैं। पिछली लिस्ट में तीन नाम बदले गए हैं। 230 में से 229 पर नाम सामने आ गए हैं। आमला सीट पर अब तक निर्णय नहीं हो सका है।

आमला सीट पर अब तक निर्णय नहीं हो सका : कांग्रेस

बता दें कांग्रेस की पहली सूची नवरात्र के पहले दिन आई थी। पहली सूची में कई सीटों पर विरोध और बगावत के बाद कई दौर की बैठक के बाद यह नाम तय किए गए हैं। पहली सूची में कांग्रेस ने 144 प्रत्याशियों के नाम का एलान किया था। इसमें 69 विधायकों को दोबारा प्रत्याशी बनाया है। वहीं, पांच विधायकों के टिकट काट दिए थे। पहली सूची में अधिकतर जगह पूर्व प्रत्याशियों को ही मौका दिया गया। गुरुवार रात कांग्रेस ने 88 प्रत्याशियों के नाम की सूची जारी की। तीन सीटों पर प्रत्याशी बदले। दतिया में अवधेश नायक की जगह राजेंद्र भारती, पिछोर में शैलेंद्र सिंह की जगह अरविंद सिंह लोधी और गोटेगांव में शेखर चौधरी की जगह एनपी प्रजापति को दोबारा टिकट दिया है।

निवास से कांग्रेस विधायक डॉ. अशोक मर्सकोले ने अपनी सीट बदल ली है। अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित निवास सीट पर कांग्रेस ने चैन सिंह वारखेड़ को प्रत्याशी बनाया। डॉ. अशोक मर्सकोले अनुसूचित जनताति के लिए आरक्षित मंडला सीट से चुनाव लड़ेंगे। निवास से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते को अपना प्रत्याशी बनाया है। मुरैना विधायक राकेश मवई का टिकट काट कर दिनेश गुर्जर को दिया। भोजपुर सीट पर पूर्व विधायक राजकुमार पटेल को प्रत्याशी बनाया है।

कांग्रेस ने भोपाल की चारों विधानसभा सीटों पर भी प्रत्याशियों के नाम का एलान किया। भोपाल की दक्षिण पश्चिम सीट पर विधायक पीसी शर्मा, उत्तर सीट पर आरिफ अकील के बेटे आतिफ अकील, हुजूर में पूर्व प्रत्याशी नरेश ज्ञानचंदानी और गोविंदपुरा में दिग्विजय सिंह समर्थक रविंद्र साहू को प्रत्याशी बनाया है। खातेगांव से भाजपा छोडक़र कांग्रेस में शामिल होने वाले दीपक जोशी पर भरोसा जताया है। इंदौर में तीन नंबर से पिंटू जोशी, इंदौर में पांच नंबर से सत्यनारायण पटेल, महू से रामकिशोर शुक्ला को प्रत्याशी बनाया गया है। बदनावर में भाजपा छोडक़र आए भंवर सिंह शेखावत पर भरोसा जताया है।

आमला अब भी शेष
बैतूल जिले की आमला सीट पर कांग्रेस की दूसरी सूची में भी नाम घोषित नहीं किया गया है। यहां से कांग्रेस डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे को प्रत्याशी बना सकती है। सरकार ने बांगरे का इस्तीफा मंजूर नहीं किया है। सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट को दो दिन में याचिका पर सुनवाई करने को कहा है।

यह भी पढ़ें :- छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए AAP ने जारी की 37 स्टार प्रचारकों की सूची, देखें लिस्ट

96 विधायकों में 11 के टिकट कांटे
कांग्रेस ने अपनी 88 प्रत्याशियों की दूसरी सूची में छह विधायकों के टिकट काटे हैं। इसमें मुरैना से विधायक राकेश मावई के अलावा सुमावली से अजब सिंह कुशवाह, सेंधवा से ग्यारसी लाल रावत, गोहद से मेवाराम जाटव बडऩगर से मुरली मोरवाल, और ब्यावरा से रामचंद्र दांगी शामिल है। इस सूची में 15 विधायकों को दोबारा टिकट दिया है। पहली सूची में कांग्रेस ने 144 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए थे। इसमें 69 विधायकों को टिकट दिए थे। वहीं, सचिन बिरला समेत छह विधायकों के टिकट काटे थे। पहली सूची में एनपी प्रजापति का नाम काट दिया गया था, जिन्हें दूसरी सूची में शामिल कर लिया गया है।

कमलनाथ ने दी शुभकामनाएं
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट कर खुशी जाहिर की है। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस पार्टी ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए आज अपने 88 प्रत्याशियों दूसरी सूची जारी कर दी है। मैं सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देता हूं। कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी सिर्फ विधायक बनने के लिए खड़े नहीं हो रहे हैं, बल्कि मध्य प्रदेश का भविष्य संवारने के लिए चुनाव के मैदान में उतरे हैं। आइये आज से हम सब प्राणपण से अपने कर्तव्य में जुट जाएं और मध्य प्रदेश से 18 साल के कुशासन का अंत करने के लिए कमर कस लें। मध्य प्रदेश में प्रचंड बहुमत से कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments